बदायूं में ट्यूबवेल के पास पड़ा मिला युवक का शव, परिजनों ने नहीं कराया पोस्टमॉर्टम

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शनिवार रात 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव गांव के बाहर खेत में बने ट्यूबवेल के पास पेड़ के नीचे पड़ा मिला। युवक की मौत की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन शव को घर ले आए और बाद में बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव परवेजनगर निवासी ओमवीर शाक्य शनिवार रात खेत में बने ट्यूबवेल पर सोने गया था। रविवार सुबह परिजन खेत की ओर पहुंचे तो ओमवीर पेड़ के नीचे मृत अवस्था में पड़ा मिला। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जानकारी होने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के मुताबिक, ओमवीर की पत्नी की करीब पांच माह पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह परेशान रहता था और अधिकांश समय खेत में बने ट्यूबवेल पर ही रहता था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं।
युवक की अचानक मौत और बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर ग्रामीणों में चर्चा बनी हुई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। जानकारी कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *