बदायूं में फीस न भरने पर कक्षा एक की छात्रा की पिटाई; पिता ने स्कूल प्रबंधन पर धूप में खड़ा करने का आरोप लगाया

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक निजी स्कूल प्रबंधक पर फीस जमा न होने पर छह साल की छात्रा को पीटने और उसे एक घंटे तक धूप में खड़ा रखने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई है, जिसकी जांच जारी है।
घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा सैदपुर की है। मोहल्ला रजा नगर टंकी रोड निवासी सगीर सैफी की छह वर्षीय बेटी इनाया कस्बा स्थित गोल्डन विंग्स एजुकेशनल अकादमी में पहली कक्षा की छात्रा है। वह लगभग तीन साल से इसी स्कूल में पढ़ रही है। सगीर सैफी के अनुसार, पिछले पांच महीने से इनाया की स्कूल फीस जमा नहीं हो पाई थी। उन्होंने प्रबंधक को फोन पर इसकी जानकारी दी थी और बताया था कि वह एक-दो दिन में पैसों का इंतजाम कर फीस जमा कर देंगे। सैफी ने बताया कि रमजान के कारण उनकी दुकान बंद है, हालांकि वाहनों के पंक्चर जोड़ने और हवा भरने का काम जारी है।
आरोप है कि मंगलवार को जब इनाया स्कूल गई, तो प्रबंधक महताब ने बच्ची की पिटाई की और उसे लगभग एक घंटे तक धूप में खड़ा रखा। स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची घर लौटी, लेकिन उसने परिजनों को इस बारे में कुछ नहीं बताया। अगले दिन जब उसे स्कूल जाने को कहा गया, तो वह रोने लगी और सहम गई। काफी पूछने पर उसने परिजनों को स्कूल प्रबंधक के इस व्यवहार के बारे में बताया। परिजनों के मुताबिक, इस घटना के बाद बच्ची काफी डर गई थी और उसकी तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में इलाज के लिए ले जाना पड़ा।
वहीं प्रबंधक मेहताब ने बताया कि उन पर लगाए गए सारे आरोप झूठे हैं। सबसे अहम बात तो ये है कि मंगलवार को धूप दोपहर को निकली थी, सुबह से ही कोहरा छाया हुआ था। केवल फीस न देने के लिए ऐसा किया जा रहा है। हमेशा से ही इस छात्रा की फीस देरी से आती है। वहीं एसएचओ वजीरगंज सुरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।

घटना की जानकारी देते हुए छात्रा के पिता : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *