शाहजहांपुर जनमत। फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने जा रही निजी बस अल्हागंज में टैंकर की टक्कर से पलट गई। बस में सवार 17 लोग घायल हो गए, जिनमें 10 घायलों को फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक भाग गए। काफी देर तक जाम भी लगा रहा। हरदोई के सवायजपुर के मीरगांव निवासी ओमवती, सवाजयपुर के पांडेयपुर गांव निवासी नन्ही, श्रीकृष्ण, ज्ञानदास, मुंडेर निवासी रामदेवी, रामलड़ैती, ऊषा आदि निजी बस से गंगा स्नान करने के लिए सुबह निकले थे।
बस में सवार थे 30 से अधिक यात्री…
अल्हागंज के रघुनाथपुर गांव के सामने बस में टैंकर ने टक्कर मार दी जिससे बस पलट गई। बस में 30 से अधिक लोग सवार थे। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया जहां से सात घायलों को फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
एसओ ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को साइड में कराकर यातायात शुरू करा दिया गया है। वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।

