बदायूॅं जनमत। सोमवार तड़के दर्दनाक हादसा हुआ। बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव ढकिया के पास अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हाईवे पर पड़े शव के ऊपर से कई वाहन गुजर गए, जिससे शव कई टुकड़ों में बंट गया। हाईवे पर मांस के लोथड़े चिपक गए।
बिनावर थाना क्षेत्र में हाईवे निकट गांव ढकिया मंदिर के ठीक सामने से एक महिला को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक भाग निकला। इसके बाद हाईवे पर पड़े महिला के शव को कई वाहन कुचलते रहे, जिससे उसका शरीर कई हिस्सों में बंट गया। ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मानसिक बीमार थी महिला…
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़ों को ग्रामीणों की मदद से इकट्ठा किया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला को कई बार विजय नगला ढाबा और पेट्रोल पंप के पास घूमते हुए देखा गया। महिला मानसिक बीमार थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि महिला बिनावर और विजय नगला के आसपास घूमती रहती थी। कई बार इस महिला को रोड से हटकर मंदिर के आसपास ठहराया है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कई वाहन शव के ऊपर से गुजर चुके थे। शव के अवशेष इकट्ठा कर पोस्टमॉर्टम को भेजा है।