बदायूॅं जनमत। सोमवार को तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सीएचसी रूदायन भेजा, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया गया है। युवक की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार उघैती थाना क्षेत्र के गांव गर्वी निवासी समीर (20) पुत्र जाहिद ईखखेड़ा गांव में हेयर सैलून पर काम करता है। सोमवार को वह अपने काम में व्यस्त था, तभी अचानक तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और समीर पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही समीर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल समीर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रूदायन पहुंचाया, लेकिन उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।


