बदायूॅं जनमत। दातागंज तहसील परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एडवोकेट आशा दीक्षित ने पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। यह घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, बदायूं जिले की दातागंज तहसील में बीते 28 फरवरी को तहसीलदार रामचंद्र और एडवोकेट आशा दीक्षित के बीच एक फैसला सुनाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए दातागंज कोतवाली में पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। आशा दीक्षित का आरोप है कि उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते उन्होंने बीते 20 मार्च को अपनी यूनियन के अध्यक्ष को एक पत्र लिखकर चेतावनी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह 23 मार्च को आत्मदाह करेंगी।
सोमवार को जब आशा दीक्षित ने पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया, तो मौके पर मौजूद अन्य वकीलों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने पेट्रोल की बोतल छीनकर दूर फेंक दी। इस दौरान वकीलों ने तहसीलदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।


