बदायूॅं जनमत। थाना उझानी क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार रात में कस्बा उझानी के छतुईया फाटक से बाईपास जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति के होने की सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही थाना उझानी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान एक व्यक्ति आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। लेकिन संदिग्ध व्यक्ति ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और खेतों की ओर भागने लगा। अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
दाहिने पैर में लगी गोली…
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम श्रीपाल बताया। वह उझानी के मोहल्ला नझियाई का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी श्रीपाल थाना उझानी का एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) में वांछित चल रहा था और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा मौके से एक खोखा बरामद किया गया है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

