बदायूॅं जनमत। जिले की बिल्सी तहसील क्षेत्र में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलिंडर न मिलने का मामला सामने आया है। पुरदलपुर समेत कई गांवों की महिलाओं ने शनिवार को तहसील दिवस में जिलाधिकारी से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की।
शिकायतकर्ताओं में पुरदलपुर निवासी वीरवती पत्नी लाल सिंह ने बताया कि उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन लिया था। कनेक्शन मिलने के बाद भी उन्हें आज तक गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने कई बार संबंधित गैस एजेंसी संचालक से संपर्क किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसी तरह लालबती ने भी आरोप लगाया कि उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन तो ले लिया, लेकिन पिछले दो वर्षों से उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिला है। वह लगातार गैस एजेंसी के चक्कर लगा रही हैं, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। अनीता, शकुंतला, प्रेमवती और जानकी सहित अन्य महिलाओं ने भी कनेक्शन होने के बावजूद सिलिंडर न मिलने की शिकायत की। महिलाओं का कहना है कि योजना का लाभ कागजों तक सीमित रह गया है, जबकि उन्हें अब भी चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर होना पड़ रहा है। महिलाओं ने सामूहिक रूप से जिलाधिकारी अवनीश राय को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
44 शिकायतें आईं दो का निस्तारण…
शनिवार को डीएम अवनीश राय ने तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान यहां 44 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापरक निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

