बदायूॅं जनमत। दातागंज कोतवाली पुलिस ने गंगा एक्सप्रेस वे पर दुधारी नगला गांव के पास से दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहारीपुर छेमराम गांव के रहने वाले रामचरण और राकेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 400 ग्राम अफीम बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है। एसएचओ दातागंज गौरव विश्नोई के अनुसार, दोनों आरोपी अफीम को उड़ीसा से सस्ते दाम में खरीदकर लाए थे। वे इसे यहां अधिक कीमत पर बेचने की योजना बना रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी बताए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

