तमिलनाडु चुनाव 2026; पहले ही चुनाव में सत्ता तक पहुंचने वाली सियासी ‘स्टार्टअप’ बनी विजय की TVK

राजनीति

जनमत एक्सप्रेस। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणाम ने पूरे देश को चौंका दिया है। अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने जबरदस्त जीत हासिल कर राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। विजय के नेतृत्व वाली नवगठित पार्टी TVK ने चुनावी मैदान में अप्रत्याशित प्रदर्शन की है। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों में टीवीके कुल 234 सीटों में से 82 जीत जीत चुकी है। जबकि 25 सीटों पर आगे चल रही है।
विजय की पार्टी ने द्रविड़ दलों DMK और AIADMK को पीछे छोड़ दी है। यहां तक की DMK के शीर्ष नेता एवं मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन अपनी सीट कोलाथुर से चुनाव हार गए हैं। DMK 20 सीट जीत चुकी है और 41 सीटों पर आगे चल रही है। एडप्पाडी के पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली AIADMK 19 सीट जीत चुकी है और 26 सीट पर आगे है। जबकि उसकी सहयोगी पीएमके दो सीट जीत चुकी है और तीन पर आगे है।
तमिल फिल्मों के सुपरस्टार विजय ने अपनी सियासी पारी के आगाज से न सिर्फ सबको हैरान कर दिया। बल्कि उनकी पार्टी तमिलागा वेट्री कषगम (टीवीके) अपने गठन के दो साल के भीतर ही देश के उन चंद सियासी ‘स्टार्टअप’ में शामिल हो गई जो अपने पहले ही चुनाव में सत्ता तक पहुंचने में सफल रहे। टीवीके अब आम आदमी पार्टी, असम गण परिषद और तेलुगु देशम पार्टी जैसी पार्टियों की जमात में शामिल हो गयी है जो अपने पहले चुनाव में ही सत्तासीन हो गए।
आम आदमी पार्टी ने 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी सियासी पारी की शुरुआत की थी और 70 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में 28 सीटें जीती थीं। इसके बाद कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई थी। वहीं, असम गण परिषद 1985 में अपने गठन के तुरंत बाद सत्ता पर काबिज हुई थी। तेदेपा ने अपने गठन के एक साल बाद 1983 में आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में 201 सीटें जीतकर भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की थी।
कुछ राजनीतिक दल अपने आगाज के साथ ही कामयाबी के शिखर पर पहुंच गए। लेकिन कई ऐसे दल भी रहे जिन्होंने अस्तित्व में आने के बाद अपने पहले चुनाव में शानदार दस्तक दी। लेकिन सत्ता में आने के लिए इंतजार करना पड़ा। पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर की ‘जन सुराज पार्टी’ चौतरफा चर्चा के बावजूद सफलता हासिल नहीं कर सकी। इसी तरह अभिनेता कमल हासन की पार्टी मक्कल निधि मय्यम 2021 को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *