जनमत एक्सप्रेस। बीजेपी ने बंगाल चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। रात 10 बजे तक पश्चिम बंगाल में बीजेपी 207, टीएमसी-80, कांग्रेस-2 सीटों पर जीत गई। भबानीपुर से सीएम ममता बनर्जी भी हार गईं। उन्हें बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने हराया। सुवेंदु ने नंदीग्राम से भी जीत दर्ज की। जीतने वाले नेताओं में रूपा गांगुली, अग्निमित्रा पाल, दिलीप घोष, रत्ना देबनाथ शामिल हैं।
दक्षिण 24 परगना जिले की बरुईपुर पश्चिम विधानसभा सीट का परिणाम घोषित हो चुका है। इस सीट पर रोमांचक मुकाबले के बाद टीएमसी उम्मीदवार बिमान बनर्जी ने जीत हासिल की, जबकि भाजपा उम्मीदवार बिश्वजीत पाल को हार का सामना करना पड़ा। विजेता उम्मीदवार बिमान बनर्जी को कुल 104781 वोट मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी बिश्वजीत को 86919 वोट प्राप्त हुए। जीत का अंतर 17862 वोट रहा।
भारतीय चुनाव आयोग (ECI) से मिले आंकड़ों के अनुसार, बीजेपी ने 145 सीटें जीत ली हैं और 63 अन्य सीटों पर आगे चल रही है। मौजूदा रुझानों के आधार पर, इन 208 सीटों के नतीजे BJP के पक्ष में हैं। तृणमूल कांग्रेस ने अब तक 51 सीटें जीती हैं और 28 अन्य सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा हुमायूं कबीर की पार्टी, आम जनता उन्नयन पार्टी ने दो सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस भी इस बार दो सीटें जीतकर अपना खाता खोलने में कामयाब रही है। वहीं, CPI(M) ने एक सीट पर जीत हासिल करके अपना ‘शून्य-सीट’ वाला टैग हटा दिया है। ISF अभी एक सीट पर आगे चल रही है।

