बदायूं में टेंपो और लोडर की भीषण भिड़ंत; महिला की मौत, सात लोग घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना एक ऑटो और बर्फ की सिल्ली लदे टेंपो लोडर की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई। टक्कर के बाद पीछे से आ रही एक बाइक भी अनियंत्रित होकर लोडर वाहन में जा घुसी।
हादसा बिसौली कोतवाली क्षेत्र में हुआ। रानेट की ओर जा रहा ऑटो जैसे ही धुबियाताल कस्बे के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे टेंपो लोडर से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में बैठी सवारियां चीखने लगीं। इसी बीच पीछे से आ रही बाइक सवार भी संतुलन खो बैठा और लोडर में जा भिड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गुड्डो को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गुड्डो की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

उपचार के दौरान महिला की मौत…

हादसे में गुड्डो पत्नी सुनील निवासी टिकुरी कलिया थाना वजीरगंज गंभीर रूप से घायल हुई थीं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों में राजवती पत्नी कातीराम, पूजा पत्नी संजीव निवासी मुडिया धुरैकी थाना फैजगंज बेहटा शामिल हैं। मेवाराम पुत्र भिखारी लाल निवासी रसूला थाना आंवला बरेली भी घायल हुए। इसके अतिरिक्त, सूरजभान पुत्र जवाहर, सावित्री पुत्री सूरजभान निवासी लहरा थाना वजीरगंज और नेक्सू पुत्र अमर सिंह निवासी अजनावर थाना बिसौली भी घायल हुए हैं।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। कोतवाल कमलेश मिश्रा ने बताया पुलिस ने दुर्घटना में शामिल तीनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *