बदायूॅं जनमत। जिले में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे में मृतक की पत्नी समेत दो महिलाएं घायल हुई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसा सहसवान कोतवाली क्षेत्र में इस्लामनगर-सहसवान रोड पर मानकपुर गांव के पास हुई। इस्लामनगर इलाके के नदेरी गांव निवासी शायर अली (55) अपनी पत्नी सलमा (50) और बुआ भूरी के साथ बाइक से अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शायर अली, उनकी पत्नी और बुआ गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां शायर अली को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल सलमा और भूरी का इलाज जारी है। दूसरी बाइक पर सवार लोग घटना के बाद अपनी बाइक समेत मौके से फरार हो गए।
उधर, सहसवान एसएचओ धनंजय सिंह ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और घायलों का उपचार किया जा रहा है।

