नौतपा में पानी और ओले गिरे; विज्ञान पर भारी पड़ी कुदरत, तापमान में आई गिरावट, चार दिनों का रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। इस समय प्रचंड गर्मी का प्रकोप चल रहा था। साथ ही मौसम विभाग ने नौतपा की चेतावनी भी जारी की थी। जिसकी शुरुआत 25 मई से हो चुकी है और यह 2 जून तक रहना बताया गया था। इन 9 दिनों तक धरती पर प्रचंड गर्मी पड़ती और लू (हीट वेव) चलने की संभावना अधिक बताई गई थी। लेकिन गुरुवार देर शाम कुदरत के आगे सब कुछ नकमस्तक दिखाई दिया।
गुरुवार रात मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। जिले में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, साथ ही तेज हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया। लगातार पड़ रही गर्मी के बीच हुई इस बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले पारा 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, जो बारिश के बाद गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
तेज हवाओं के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में चल रही धूलभरी गर्म हवाएं थम गईं। कई स्थानों पर ओले गिरने से लोग घरों से बाहर निकल आए और बच्चों ने मौसम का आनंद लिया। हालांकि, तेज हवा के चलते कुछ जगहों पर पेड़ों की टहनियां टूटने की भी सूचना है। मौसम विभाग ने बदायूं सहित आसपास के जिलों के लिए अगले चार दिनों तक रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस दौरान तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी। प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी कर लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की अपील की है। साथ ही, बिजली चमकने के समय खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

बदायूं शहर में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि होती हुई : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *