बदायूॅं जनमत। नाली के विवाद को लेकर 60 वर्षीय बुजुर्ग को गोली मार दी गई। गोली बुजुर्ग के कुर्ते की जेब में रखे पर्स में जा लगी, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, उन्हें सीने में घाव और हाथ में चोट आई है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के शकतपुर गांव निवासी डोरीलाल का गांव के ही उमेश से नाली को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब उमेश ने डोरीलाल पर गोली चला दी। गोली सीधे डोरीलाल के कुर्ते की ऊपरी जेब में रखे पर्स से टकराई। पर्स ने गोली की रफ्तार कम कर दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गोली के छर्रे लगने से उनका एक हाथ भी जख्मी हो गया। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने घायल बुजुर्ग को तुरंत रुदायन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बदायूं रेफर कर दिया गया।
गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम शकतपुर गांव पहुंची। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बिल्सी के सीओ केके तिवारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मामूली विवाद के बाद युवक ने गोली चलाई थी। पुलिस आरोपी युवक उमेश की तलाश में जुटी हुई है।


