बदायूॅं जनमत। पुलिस ने अन्तर्जनपदीय मादक पदार्थ तस्करी गैंग के 3 सदस्य पकड़े हैं। इनके पास से पुलिस ने एक किलो 700 ग्राम अफीम बरामद की है। जिसकी कीमत अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में तकरीबन 22 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों के पास से दो बाइक भी बरामद हुई है।
थाना वजीरगंज पुलिस ने सैदपुर पेट्रोल पंप के पास रेहड़िया तिराहे से तीन लोगों को मुखबिर की सूचना के आधार पर चेकिंग के लिए रोका। इनके पास से अफीम मिली तो पुलिस उन्हें थाने ले आई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रोहित सिंह, आयुष सिंह निवासीगण सोमवार बाजार कस्बा व थाना बिसौली व नितिन शर्मा निवासी गांव हतसा थाना बिसौली बताया। तीनों के पास से बरामद माल की तौल की गई तो कुल वजन एक किलो सात सौ ग्राम निकला। आरोपी दो बाइकों से तस्करी करने निकले थे।
आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस से बताया कि अफीम फरीदपुर से एक व्यक्ति से खरीद कर लाये थे। जिससे हमने यह अफीम खरीदी है। उसका नाम पता हम लोग नही जानते है। केवल उससे मोबाइल पर डीलिंग हुई और सप्लाई मिल गई। यह माल दिल्ली ले जाकर महंगे दाम में बेचते हैं। एसएचओ धनंजय पाण्डेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा कायम किया गया है।
