कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम के निर्देश; रास्ते पर बंद रहेंगी मीट की दुकानें, सिंगल यूज प्लास्टिक भी बैन

धार्मिक

बदायूॅं जनमत‌। जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू होगी। इसको लेकर डीएम अवनीश राय ने बुधवार को सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने सभी विभागों को 25 जुलाई तक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 24 अगस्त तक चलेगी। डीएम ने अफसरों से कहा कि अधिकारी कांवड़ मार्ग का प्राथमिकता से निरीक्षण कर मार्ग को सुगम बनाएं। कछला सहित जनपद के छह घाटों पर लाखों श्रद्धालु आते हैं, इसलिए घाटों पर सफाई, पार्किंग, प्रकाश, सीसीटीवी, शौचालय, गोताखोर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम व बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए। वहीं गंगा घाट पर वॉच टावर गुणवत्ता वाले बनाएं।
डीएम ने कहा कि शिविर सड़क से 10-15 फीट दूर लगाएं और संचालक राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाएं। सभी शिविरों की अनुमति लेना अनिवार्य है। सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री कांवड़ यात्रा कराने के प्रयास करें। डीएम ने एसडीएम से डीजे संचालकों संग बैठक कर ऊंचाई का मानक तय करने को कहा। डीजे पर सिर्फ धार्मिक गीत बजेंगे। इसके लिए शांति समिति की बैठकें भी होंगी।
बसों के रूट डायवर्जन के लिए एआरएम रोडवेज व वैकल्पिक मार्ग के लिए पुलिस को निर्देश दिए। कांवड़ मार्ग पर मांस-मछली की दुकानें बंद रहेंगी। शराब की दुकानों पर शासन के निर्देश लागू होंगे। पीडब्ल्यूडी व निकाय टूटे हुए मार्ग की मरम्मत करेंगे। विद्युत खंभों पर प्लास्टिक व ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग कराने के लिए विद्युत निगम अधिकारियों को निर्देश दिए।
निराश्रित गोवंश के लिए कैटल कैचर लगाने के लिए सीवीओ निर्देश दिए गए। कलेक्ट्रेट, सभी तहसीलों व निकायों में कंट्रोल रूम बनेंगे। घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनेंगे। बैठक में सीडीओ गामिनी सिंगला, एसडीएम, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

331 किमी लंबा है कांवड़ मार्ग…

जनपद में कांवड़ मार्ग 331 किमी लंबा है और 123 शिवालय इसके अंतर्गत आते हैं। कांवड़ यात्रा के शिविरों के भोजन की नियमित जांच होगी। 106 सिविल डिफेंस कार्यकर्ता तैनात किए जाएंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान लगने वाले शिविर सड़क से करीब 10-15 फीट दूर लगाए जाएं। शिविरों में संचालक भी अपने कर्मचारियों की राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाएं।

इन तारीखों पर होंगे स्नान…

एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि एसडीएम सदर को मेला अधिकारी बनाया है। यात्रा के दौरान 3, 10, 17 व 24 अगस्त स्नान होंगे। इसके अतिरिक्त 11 अगस्त को शिवरात्रि पर स्नान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *