पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने बुर्रा मन्दिर में मनाया सपा प्रमुख अखिलेश यादव का जन्मदिन, सामूहिक भोज हुआ

राजनीति

बदायूँ जनमत। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन इस बार पारंपरिक राजनीतिक आयोजनों से अलग हटकर एक अनोखे और सामाजिक संदेश से भरपूर अंदाज में मनाया। शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के यादव बाहुल्य गांव बुर्रा स्थित प्राचीन मंदिर परिसर में आयोजित समारोह ने राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
समारोह की शुरुआत मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्व मंत्री आबिद रज़ा का तिलक कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर आबिद रज़ा ने मंदिर के पुजारियों को वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए प्रदेश में खुशहाली, शांति और विकास की कामना की। कार्यक्रम की सबसे प्रमुख विशेषता सामूहिक भोज रहा, जिसमें करीब एक हजार लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। आयोजन में विभिन्न जातियों और समुदायों के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का उदाहरण प्रस्तुत किया।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि समाजवादी विचारधारा हमेशा सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चलती रही है। उन्होंने कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि समाज के सभी वर्ग आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और सामाजिक न्याय तथा समानता की भावना को मजबूत करें। उन्होंने विशेष रूप से यादव और मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि अब अपने राजनीतिक परिवार का दायरा और व्यापक बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल दो समुदायों के सहयोग से नहीं, बल्कि दलित, पिछड़े, पाल, लोधी, कुर्मी तथा अन्य सभी जातियों को साथ लेकर ही पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की अवधारणा को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और भागीदारी दिलाना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी।
आबिद रजा ने आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि सभी वर्ग एकजुट होकर समाजवादी पार्टी का साथ देंगे तो प्रदेश में फिर से अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने कहा कि पूर्व मंत्री आबिद रज़ा हमेशा सर्वसमाज की राजनीति करने वाले नेता रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके आयोजनों में हर जाति और धर्म के लोग समान रूप से शामिल होते हैं। यही कारण है कि बुर्रा मंदिर में अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने का निर्णय केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक एकता का संदेश देने वाला प्रयास बन गया।
कार्यक्रम के आयोजक अजयपाल सिंह यादव, जवाहर सिंह यादव (एडवोकेट) विनोद यादव, रोहिताश यादव प्रधान, धूम सिंह यादव प्रधान, रिजवान प्रधान रहे। संयोजक नेताजी उदयपाल सिंह, रजत यादव, लालू यादव, अनिल यादव, प्रिंस यादव, आदेश यादव, रामकिशन पाल वीरपाल सिंह, शैलेन्द्र यादव, सतीश यादव, राजीव यादव, राजवीर यादव, आशीष यादव, रिंकू यादव, हर्षित यादव, अंकित यादव, विजय सिंह, मिस्टर सिंह रहे। कार्यक्रम का संचालन भानू यादव ने किया।
इस अवसर शशांक यादव, रणवीर यादव, प्रशांत यादव, इंदू सक्सेना, फूलबानो, सभासद नवेद, मुशाहिद, अबरार, फरहत सिद्दीकी, मोहतशाम सिद्दीकी, मोहम्मद मियां, अनीस सिद्दीकी, कौसर अली, अफसर अली, लालू चाैधरी, अमित गुप्ता वसीम सैफी, यूनुस अल्वी, बब्लू, छोटू, फहीम आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *