वजीरगंज में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई; तीन अवैध क्लीनिक सील, एक संचालक हिरासत में, नोटिस जारी

स्वास्थ्य

बदायूॅं जनमत‌। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को वजीरगंज कस्बे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान तीन क्लीनिकों को सील कर उनके संचालकों को नोटिस जारी किए गए, जबकि एक क्लीनिक संचालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कार्रवाई से कस्बे में हड़कंप मच गया और कई क्लीनिक संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर दिए।
अभियान में एसडीएम बिसौली, कानूनगो सर्वेश यादव, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुनैद मेहंदी तथा पुलिस टीम शामिल रही। टीम ने कस्बे में संचालित विभिन्न क्लीनिकों का निरीक्षण कर उनके पंजीकरण एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
जांच के दौरान संबंधित क्लीनिकों के पास क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट पंजीकरण, बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण के दस्तावेज, प्रदूषण नियंत्रण विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा अग्निशमन विभाग की स्वीकृति जैसे जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद तीन क्लीनिकों को सील कर संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुनैद मेहंदी ने बताया कि सभी संबंधित क्लीनिक संचालकों को तीन दिन के भीतर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय में दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान बड़ा बाजार स्थित लवकुश क्लीनिक के संचालक को पुलिस ने हिरासत में लिया। थाना प्रभारी अश्विनी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति संचालित चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *