बदायूॅं जनमत। जिले में दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। बृहस्पतिवार को दिनभर बारिश हुई। रात में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार बारिश होने से पुराने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचाना शुरू हो गया है। जिसके चलते एक घर की छत भरभरा कर गिर गई। मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर निवासी महिपाल सिंह के घर की छत बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे गिर गई। जिससे दबकर एक उसकी पत्नी गुड्डो देवी (उम्र 37) मौत हो गई। उसकी मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। जिस कमरे की छत गिरी, वहां गुड्डो सो रही थी। गुड्डो देवी मलबे के नीचे दब गई। छत गिरने की आवाज से आसपास के ग्रामीण भी जाग गए। महिपाल और उसके बच्चों की चीख पुकार के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर गुड्डो को बाहर निकाला लेकिन तब तक गुड्डो की मौत हो चुकी थी।
महिला की मौत से महिपाल की गृहस्थी उजड़ गई। बच्चों का रो रोकर बुरा हाल था। शुक्रवार की सुबह राजस्व टीम ने महिपाल के घर जाकर हादसे की जानकारी ली।


