रिश्तों का कत्ल; रुपयों के विवाद में बेटे ने कुल्हाड़ी से काटा पिता का गला

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। बिनावर थाना क्षेत्र के ब्योर गांव में बेटे ने कुल्हाड़ी से गला काटकर पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। पुलिस की जांच में हत्या की वजह रुपयों के लेनदेन का विवाद सामने आया है।
ब्यौर गांव के रहने वाले 60 वर्षीय राधेलाल शुक्रवार देर रात बैठक में सो रहे थे। तभी उनके सबसे छोटे बेटे अहिवरन जाटव ने कुल्हाड़ी से गला काटकर उनकी हत्या कर दी और आराम से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बिनावर थाना पुलिस और सीओ सिटी राहुल पाण्डेय मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में सामने आया है कि अहिवरन स्वयं सहायता समूह चलाता था और उसकी किश्त जमा होनी थी। इसी को लेकर उसने पिता से रुपये मांगे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब पीने का आदी है। सीओ सिटी राहुल पाण्डेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *