बदायूॅं जनमत। गंगा एक्सप्रेसवे के लिंक मार्ग पर मक्का की रखवाली कर रहे किसान को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। वाहन से कुचलने के कारण किसान की मौके पर ही मौत हो गई। किसान सड़क किनारे चारपाई पर सो रहा था। किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गोठा निवासी रियासत अली (40 वर्ष) ने गांव जखौलिया और गोठा के बीच अंडरपास के पास सड़क किनारे मक्का सूखने के लिए फैलाई थी। देर रात वह मक्का समेटने के बाद उसकी रखवाली के लिए पास ही चारपाई डालकर सो गए। इसी दौरान सोते समय किसी अज्ञात वाहन ने किसान को कुचल दिया। इससे किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
रविवार सुबह राहगीरों ने किसान का शव देखने पर परिवार को सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंच कर देखा, तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस के अनुसार, अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।


