बदायूॅं जनमत। एमएफ हाइवे पर स्थित पवित्र ईंट उद्योग के भट्ठे की चिमनी पर आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में चिमनी क्षतिग्रस्त हो गई और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। हालांकि, दो मजदूर बाल-बाल बच गए।
यह घटना उसावां स्थित पवित्र ईंट उद्योग की है। भट्टे की चिमनी पर आकाशीय बिजली गिरने से चिमनी का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया। हादसे के समय चिमनी के पास काम कर रहे दो मजदूर बाल-बाल बच गए। बिजली का असर भट्ठे के पास बने एक मकान पर भी पड़ा, जहां नरेश सिंह पुत्र श्याम सिंह के घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। पवित्र ईंट उद्योग मनोज गुप्ता का बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर हल्का लेखापाल नीरज सिंह ने मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट तैयार की है।


