बदायूं में भाजपा को झटका; दर्जनभर ब्राह्मण समाज के नेता साइकिल पर सवार, हाजी बिट्टन की सराहना

राजनीति

बदायूॅं जनमत‌। गुरुवार को जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को झटका लगा है। बिल्सी में पूर्व विधायक हाजी बिट्टन की कोठी पर आयोजित एक कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के एक दर्जन से अधिक प्रमुख लोगों ने भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव उदयवीर सिंह शाक्य, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन और पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति सर्वेश यादव के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ। सपा नेताओं ने पार्टी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
पूर्व विधायक हाजी बिट्टन ने पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख लोगों के नामों की घोषणा की। इनमें संजीव तिवारी, विनीत उपाध्याय, सुमित शर्मा, प्रवेश शर्मा, महेश शर्मा, अशोक शर्मा, अजय पाठक, विनय पाठक, कुलदीप शर्मा और बृजेश शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के कई अन्य गणमान्य लोग शामिल हैं।

योगी सरकार पर निशाना साधा…

कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं ने योगी सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है। समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव उदयवीर सिंह शाक्य ने कहा “वर्तमान सरकार की कार्यशैली और मनमानी किसी से छिपी नहीं है। इसी प्रताड़ना और कार्यप्रणाली से त्रस्त होकर आज ब्राह्मण समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भारतीय जनता पार्टी को छोड़ दिया है और समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति व सपा नेता सर्वेश यादव ने कहा “ब्राह्मण समाज के सम्मानित साथियों द्वारा आज समाजवादी पार्टी ज्वाइन करने से क्षेत्र में एक नया राजनीतिक समीकरण तैयार हुआ है। निश्चित तौर पर इससे पार्टी को बहुत मजबूती मिलेगी। हमें पूरा भरोसा है कि सभी लोग मिलकर पूरी ताकत से काम करेंगे और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *