सपा का राष्ट्रीय सचिव बनने पर धर्मेंद्र यादव ने आबिद रज़ा को दी बधाई, आंवला से लड़ सकते हैं चुनाव

राजनीति

बदायूॅं जनमत। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा पूर्व मंत्री आबिद रज़ा को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारणी में राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर जिले में लगातार सपा समर्थकों में खुशी की लहर है। आबिद सेकुलर छवि के नेता माने जाते हैं। इसीलिए सपा समर्थकों के अलावा भी सभी जाति, धर्म, समाज के लोग लगातार जगह जगह मिठाई बांटकर एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं।
आज सोमवार को बदायूं लोकसभा क्षेत्र के दौरे पर आए पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव की पूर्व मंत्री आबिद रज़ा से भेंट हुई। धर्मेंद्र यादव ने भी आबिद रज़ा को समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय सचिव पर बधाई दी। दोनों के बीच काफी देर तक राजनैतिक मंतरणा हुई, पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने भी धर्मेंद्र यादव का आभार व्यक्त किया। वहीं राजनैतिक सूत्रों का कहना है कि पूर्व मंत्री आबिद रज़ा आंवला लोकसभा से चुनाव लड़ सकते है। लगभग 25 साल से आंवला लोकसभा में सपा जीत हासिल नहीं कर सकी है।
समाजवादी पार्टी को भी आंवला लोकसभा से जिताऊ प्रत्याशी की तलाश है। जीत हार तो चुनाव के नतीजे ही तय करते हैं लेकिन, आबिद रज़ा का चुनाव लडने के तरीके का लोहा विपक्ष के लोग भी मानते हैं। आबिद रज़ा राजनैतिक कौशल, कूटनीति, चुनाव मैनेजमेंट के माहिर माने जाते हैं।
मुसलमान वोट के साथ साथ हिंदू वोटर में आबिद रज़ा की सेकुलर छवि है। पिछले दिनों बदायूं बूथ सम्मेलन में सपा के राष्ट्रीय महासचिव सलीम शेरवानी ने मंच पर भाषण में यह कह दिया था कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से बदायूं के लिए धर्मेंद्र यादव और आंवला से आबिद रज़ा को चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव मजबूती से रखा है।
हाल में पार्टी की ओर से आबिद रज़ा को राष्ट्रीय कमेटी में शामिल करके पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आबिद का कद बड़ा कर सियासी चर्चाओं को और बल दे दिया है। जिले में पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव और आबिद रज़ा की जोड़ी से पार्टी के जो शुभचिंतक हैं वह सपा को बड़ा लाभ बता रहे है। वहीं कार्यकर्ता इस बात को लगभग तय मान रहे हैं कि आबिद रज़ा अब सपा के टिकिट पर आंवला लोकसभा से चुनाव लड़ेंगे।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *