नई सराय और मेथोडिस्ट चर्च को सड़क व नाली निर्माण की मिली सौगात, चेयरमैन बोलीं- हर वार्ड तक पहुंचेगा विकास

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा के नेतृत्व में शहर में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने वार्ड संख्या-27 स्थित नई सराय तथा वार्ड संख्या-19 के मेथोडिस्ट चर्च में पांच लाख रुपये से अधिक की लागत से निर्मित सीसी सड़क, इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का फीता काटकर लोकार्पण किया। विकास कार्यों के पूरा होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा का जोरदार स्वागत किया और पालिका का आभार व्यक्त किया।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं और विकास की यह गति भविष्य में भी जारी रहेगी।
नगर पालिका परिषद द्वारा वार्ड संख्या-27 के मोहल्ला नई सराय में रईस दास खां के मकान से अकबर पेंटर के मकान तक लगभग 2.83 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क एवं नाली का निर्माण कराया गया। लंबे समय से यह मार्ग बदहाल था और बरसात में जलभराव के कारण लोगों का निकलना तक मुश्किल हो जाता था। अब नई सड़क और पक्की नाली बनने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
वहीं वार्ड संख्या-19 स्थित मेथोडिस्ट चर्च के निकट इन्द्रा चौक पर लगभग 2.17 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया। पहले इस मार्ग पर गड्ढों और टूटी सड़क के कारण वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी होती थी, लेकिन अब इंटरलॉकिंग सड़क बनने से आवागमन आसान होने के साथ क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर लोगों को बड़ी राहत दी है। बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या अब काफी हद तक समाप्त होगी और बच्चों, महिलाओं तथा बुजुर्गों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर नीरू चंद, लल्लन चौधरी, रोहित चंद, स्वीटी चंद, पतरस मसीह, तूलिका वेलेंटन, पूर्व सभासद हवीब खाँ उर्फ गुडू, अकबर पेंटर, डॉ. नन्नू, जोएब, उवैद, युनुस, हाजी रहीम दास खां, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, लवी कुमार, लिपिक नवैद इकबाल गनी, गजेन्द्र शाक्य सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *