बदायूं के आवासीय विद्यालय में खाना खाने के बाद 7 छात्राओं की हालत बिगड़ी, 2 जिला अस्पताल रेफर

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। दातागंज क्षेत्र के समरेर स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय विद्यालय में शनिवार रात करीब नौ बजे सात छात्राओं की तबीयत खराब हो गई। इन सभी को सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों के प्राथमिक उपचार के बाद तीन छात्राओं को विद्यालय भेज दिया गया। दो छात्राओं की हालात ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो अन्य का उपचार सीएचसी पर ही चल रहा है।
समरेर स्थित समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित आवासीय विद्यालय में रात में खाना खाने के बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। छात्राओं ने पेट दर्द बताते हुए वार्डन को जानकारी दी। इसके बाद छात्राओं को समरेर सीएचसी केंद्र पर लाया गया। जहां पर तीन छात्राओं का प्राथमिक उपचार होने के बाद उन्हें विद्यालय भेज दिया गया।
उधर, दो छात्राओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। छात्राओं के बीमार होने की सूचना पर अभिभावक भी विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चियां अक्सर कहती थीं कि विद्यालय में खाना अच्छा नहीं मिलता है। सीएचसी के डॉक्टर अफसर हुसैन का कहना कि छात्राओं को गर्मी की वजह से सांस लेने में दिक्कत आ रही है।

प्रधानाचार्य बोले- गर्मी से बिगड़ी तबीयत…

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह ने बताया कि गर्मी की वजह से छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी थी, जिसकी वजह से उन्हें सीएचसी लाया गया। अन्य सवालों के जबाव देने से वह बचते दिखाई दिए। वहीं चर्चा है कि प्रधानाचार्य ने रसोई से रात में बने हुए खाना को हटा दिया।
मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर समाज कल्याण अधिकारी मौके पर गए हैं। खाना के मामले में विस्तृत जांच कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *