ADM ने बाढ़ प्रभावित भुंडी का किया निरीक्षण, SDM ने कहा- अब तक 1000 राहत पैकेज बांटे

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने तहसील दातागंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ग्राम भुंडी का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति एवं राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंधों की स्थिति का मुआयना किया। बंधे सुरक्षित पाए गए, हालांकि अंदर खेतों में कुछ स्थानों पर कटान हुआ है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने ग्रामीणों की आवश्यकताओं का भी संज्ञान लेते हुए प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार सिंह ने अवगत कराया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अब तक 1000 राहत किट का वितरण किया जा चुका है। आगे भी दिए जाएंगे, साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप भी आयोजित किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इसके अतिरिक्त उप जिलाधिकारी दातागंज ने रामगंगा क्षेत्र का भी निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति एवं संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *