बिसौली में पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने युवक को घेरकर पीटा, जिला अस्पताल में भर्ती

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बिसौली के गवा देवट रोड पर मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते में बुधवार शाम आधा दर्जन हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। जमीन पर गिरने के बाद लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बेटे को बचाने पहुंची मां और बहन से भी अभद्रता की गई।
बिसौली कोतवाली के सराय मोहल्ला निवासी राजा पुत्र अमीर अहमद बुधवार शाम गवा देवट मंदिर की ओर जा रहा था। आरोप है कि मोहल्ले के ही फराज उर्फ जफर, जुगनू, राजा पुत्र मेहर खां और मेहर खां पुत्र मलकशेर खां समेत आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने रास्ते में उसे घेर लिया और लाठियों से हमला शुरू कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद भी हमलावरों ने उसे नहीं छोड़ा और लोहे की रॉड से सिर पर जोरदार वार कर दिया। इससे राजा का सिर फट गया और नाक व मुंह से खून बहने लगा।
जानकारी मिलने पर उसकी मां सलमा बी और बहन गज़ाला मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी अभद्रता की। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सलमा बी घायल बेटे को लेकर कोतवाली पहुंचीं। पुलिस ने राजा को जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने फरवरी 2024 को भी घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट की थी। उस मामले में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने दोबारा हमला कर दिया। वहीं कोतवाल कमलेश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *