अमर ज्योति कंपनी प्रकरण; करोड़ों की ठगी के आरोपी सूर्यकांत और शशिकांत गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड कंपनी का दफ्तर खोलकर निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपी दो सगे भाई सूर्यकांत मौर्य और शशिकांत मौर्य को एसटीएफ नोएडा यूनिट और बदायूं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर डीआईजी बरेली की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद दोनों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शशिकांत और सूर्यकांत मौर्य पुत्र नारायण बरेली के कटरा चांद खां के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ बदायूं कोतवाली में धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। दोनों लंबे समय से वांछित चल रहे थे। पुलिस की ओर से उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सात सितंबर को एसटीएफ नोएडा यूनिट और कोतवाली बदायूं की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि दोनों भाइयों ने बदायूं में अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड का कार्यालय खोलकर निवेशकों को रकम जमा करने के लिए आकर्षित किया और बाद में करोड़ों रुपये की ठगी की। मामले की जांच के दौरान बरेली में भी इनके खिलाफ ठगी की रिपोर्ट सामने आई है। बारादरी थाने में नगर निगम की महिला कर्मचारी ने इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों पर अब तक कई मामले दर्ज हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *