बदायूॅं जनमत। मंगलवार रात करीब 10 बजे गोवध के एक फरार आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। ककराला-उसहैत रोड पर भट्ठे से करीब 250 मीटर आगे पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से हेड कांस्टेबल शिववीर घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी तनहीर के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल पुलिसकर्मी और आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए मौके पर घेराबंदी की थी। इसी दौरान आरोपी ने जान से मारने के इरादे से पुलिस पर तीन राउंड फायर किए। इसमें हेड कांस्टेबल शिववीर के दाहिने हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी।
पुलिस ने आरोपी की पहचान गांव गौरामई निवासी तनहीर पुत्र आशिक अली के रूप में की है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, तीन खोखे, चार जिंदा कारतूस, एक छुरी और रस्सी बरामद होने का दावा किया गया है। घायल तनहीर और हेड कांस्टेबल शिववीर का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गोवध के मामले में पुलिस कर रही थी तलाश…
पुलिस के अनुसार, तनहीर अलापुर थाने में दर्ज गोवध के एक मामले में फरार चल रहा था। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि 7 सितंबर की रात उसने अपने साथी जुम्मन और भाई के साथ गौरामई के जंगल से घूमते हुए एक बछड़े को पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद बछड़े की गोवध किया गया।
सीओ दातागंज अशेषनाथ सिंह ने बताया कि तनहीर के खिलाफ कुल तीन मामले दर्ज हैं। इनमें अलापुर थाने में गोवध का एक मामला शामिल है। इसके अलावा उसहैत थाने में वर्ष 2013 में चोरी और चोरी का माल बरामद होने से जुड़े दो मामले दर्ज हैं।


