बदायूॅं जनमत। अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा ककराला में एक मदरसे के वार्षिक उत्सव में मंचित नाटक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कुछ संगठनों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को अलापुर प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि नाटक में अनुचित चित्रण किया गया, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 13 अप्रैल को ककराला के मदरसा एचके पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित वार्षिक उत्सव में गैस सिलेंडर की समस्या को बड़ा चढ़ा कर दिखाया गया। रामायण काल के पात्रों भगवान हनुमान का सार्वजनिक मंच से मजाक उड़ाया गया और एक पात्र द्वारा यह कहते दिखाया गया कि तुम बजरंगबली नहीं डीएम कार्यालय के बड़े बाबू हो जो लालच दे रहे हो। इस नाटक मंचन से सनातन धर्म की भावनाएं आहात हुई हैं। ज्ञापन में कहा गया कि मदरसा संचालक राशिद खान पुत्र हुलासी खान निवासी वार्ड नंबर 15 ककराला के कृत्य से देश की शांति को खतरा उत्पन्न किया गया है।
पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। हालांकि, इस संबंध में मदरसा प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ज्ञापन सौंपने वालों में विभाग संगठन मंत्री योगेश पाठक, जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला सहसंयोजक उत्कर्ष मिश्रा, सत्येंद्र यादव, मोर सिंह, आकाश कुशवाहा, मुकेश कुशवाहा, राहुल त्रिवेदी और अभय पंडित सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

