बरेली हाईवे पर कैंटर की टक्कर से बदायूं के बाइक सवार शिक्षक की मौत, साथी घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उझानी में पड़ोसी का दाह संस्कार करके लौट रहे बाइक सवार शिक्षक परमानंद शर्मा समेत दो लोगों को सामने से कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की मौत हो गई। उनके साथी को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया।
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बरेली-मथुरा हाईवे पर करुआ पुल के पास हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी आसाराम शर्मा की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। उनका दाह संस्कार पूर्वाह्न में कछला गंगाघाट पर हुआ। दाह संस्कार के बाद फतेहपुर के ही शिक्षक परमानंद शर्मा (55) अपनी बाइक से पड़ोसी धनवीर (50) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान सामने से उनकी बाइक को कासगंज की ओर जा रहे कैंटर ने टक्कर मार दी। इसके बाद पलट गया। हादसे में परमानंद की मौत हो गई। धनवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि हादसे के बाद कैंटर के पलटने से पहले ही चालक कूदकर भाग गया। शिक्षक की मौत की सूचना के बाद अस्पताल में ग्रामीणों समेत उनके परिजन भी आ गए। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह समेत पुलिस कर्मियों ने चश्मदीदों से हादसे के बारे में जानकारी की।
चिकित्साधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि घायल धनवीर की हालत गंभीर है। राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाद धनवीर को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि कैंटर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शिक्षक के शव का पोस्टमॉर्टम कराके उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। कैंटर चालक की तलाश की जा रही है।
शिक्षक परमानंद शर्मा पिछले कई साल से उझानी में ही रहते थे। उनकी दो संतान में बेटे स्पष्ट शर्मा उर्फ छोटू की करीब डेढ़ साल पहले ही पुलिस में नौकरी लगी है। बेटी तान्या पढ़ाई करती हैं। पत्नी नीतू समेत परिवार के लोगों को हादसे के बारे में पता लगा तो सभी रोते- बिलखते सीएचसी परिसर में आ गए। पति की मौत के बाद से नीतू बदहवास हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *