नशे में पिता बना हैवान; पांच माह के बेटे को छत से फेंक कर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शराब के नशे में धुत पिता ने अपने पांच माह के मासूम बेटे को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मलखानपुर में कुमकुम अपने मायके भाई सौरभ की शादी में शामिल होने 16 अप्रैल को अपने पति बॉबी, देवर शिवकुमार, देवरानी अंजलि और ननद नीलम के साथ आई थी। लग्न समारोह के दौरान ही बॉबी ने नशे की हालत में गोलगप्पों को लेकर अपनी बहन नीलम से विवाद कर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गई। परिजन उसे नगर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां करीब चार घंटे बाद उसे होश आया। परिजनों ने मामला शांत कराने की कोशिश की और बॉबी के पिता करण सिंह ने अपनी गलती मानते हुए उसे अपने साथ वापस घर ले गए। लेकिन अगले ही दिन बॉबी फिर नशे की हालत में ससुराल मलखानपुर पहुंच गया। रात में गांव में एक कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें अधिकतर लोग शामिल थे, जबकि घर पर कुमकुम और बॉबी के बीच विवाद जारी रहा।

उपचार के दौरान मासूम की मौत…

रात करीब 12 बजे विवाद इतना बढ़ गया कि बॉबी ने अपने पांच माह के बेटे राघव को छत से नीचे फेंक दिया। गंभीर हालत में बच्चे को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मुरादाबाद रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म…

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता बॉबी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बच्चे के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि कुमकुम के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा बाबू (3 वर्ष) है। जिस घर में बरात की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *