बदायूं में दर्दनाक हादसा, वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वे एक शादी समारोह से लौट रहे थे और उनके वाहन को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुखद घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस की माने तो हादसे के समय बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।
मृतकों की पहचान दिसौलीगंज, थाना बिसौली निवासी सचिन बाबू उर्फ विपिन शाक्य (फौजी) 55 और उनकी पत्नी शकुंतला शाक्य 52 के रूप में हुई है। दंपती अपनी फुफेरी बहन सरोज के देवर की शादी में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी दादी की रसोई के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि शकुंतला शाक्य सीएचसी सैदपुर में आशा संगिनी के पद पर कार्यरत थीं। सचिन पहले अपने ससुराल अब्दुल्ला गंज गए थे और वहां से अचोरा होते हुए शादी समारोह में शामिल हुए थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *