बदायूॅं जनमत। सेवा संकल्प अभियान के तहत तहसील दातागंज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सत्यवती मेमोरियल इण्टर कालेज ढिलवारी परिसर में आयोजित रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ। रोजगार मेले में 30 कम्पनियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें 2310 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराकर साक्षात्कार में प्रतिभाग किया। जिसमें 832 युवाओं का चयन किया गया।
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, रोजगार मेले के मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने द्वीप प्रज्जवलित कर मेले का शुभारम्भ किया। विधायक ने अपने सम्बोधन में कहा कि सरकारी योजनाओं से युवाओं को न केवल रोेजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं बल्कि अन्य विभिन्न योजनाओं से प्रत्येक वर्ग के पात्र व्यक्तियों को लाभ मिल रहा है।
रोजगार मेले में डीएम अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला सहित जनपद स्तरीय अन्य अधिकारीगण सहित जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले युवाओं से संवाद किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
डीएम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। रोजगार मेले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण मंच हैं, जहां उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मेलों से जोड़ा जाए तथा पात्र युवाओं को शासन की रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

