दातागंज में तहसील दिवस; 65 शिकायतें मिलीं, डीएम बोले- सर्वाेच्च प्राथमिकता से करें निस्तारण

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। तहसील दातागंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम अवनीश राय एवं एसएसपी अंकिता शर्मा ने अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शनिवार को तहसील दातागंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 50, पूर्ति विभाग की 03, विद्युत की 07, पुलिस की 02 एवं विकास विभाग की 03 सहित कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया तथा शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में
प्राप्त शिकायती पत्रों में भूमि की पैमाइश कराने, चकरोड पर से अवैध कब्जा हटवाने आदि की शिकायते प्राप्त हुईं। डीएम ने भूमि विवाद से सम्बंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीओ गामिनी सिंगला व अन्य जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

दातागंज में आयोजित तहसील दिवस में शिकायतें सुनते हुए डीएम- सीडीओ व अन्य : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *