बदायूॅं जनमत। शहर के रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित बदायूं गनहाउस पर मंगलवार को बिहार पुलिस और स्थानीय पुलिस ने छापा मारा। पुलिस टीम ने गनहाउस के साथ उससे जुड़े गोदाम, घर और दुकान पर भी पहुंचकर अभिलेखों की जांच की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अवैध कारतूसों की तस्करी से जुड़े एक प्रकरण में की गई। पुलिस ने काफी देर तक रिकॉर्ड खंगाले और संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिहार में सामने आए अवैध कारतूसों की तस्करी के मामले के तार बदायूं से जुड़ने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। बिहार पुलिस की टीम स्थानीय पुलिस को साथ लेकर रोडवेज स्थित बदायूं गनहाउस पहुंची। इसके बाद गनहाउस से जुड़े गोदाम, घर और दुकान पर भी जांच की गई। टीमें सुबह करीब 11 बजे बदायूं गन हाउस पर पहुंची थीं। टीम ने वहां उपलब्ध अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों को देखा। कार्रवाई के दौरान पुलिस की गतिविधियों से इलाके में चर्चा रही।
जांच में क्या सामने आया है, इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने भी फिलहाल कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी देने से परहेज किया है। ऐसे में छापेमारी के पीछे की पूरी वजह और जांच के नतीजों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की तस्वीर साफ हो सकेगी। वहीं एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि अभी जांच चल रही है। कारवाई पूरी होने के बाद जानकारी दी जाएगी।


