उसहैत के रामलीला महोत्सव में कवि सम्मेलन का आयोजन, पढ़ा- रामजी के काम बस कर सकते हैं राम…

धार्मिक

बदायूॅं जनमत‌। कस्बा उसहैत में चल रहे श्रीराम लीला के दौरान आदर्श रामलीला महोत्सव कमेटी द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता और दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वहीं नगर व क्षेत्र के पत्रकारों तथा विभिन्न क्षेत्रों में अपना विशेष सहयोग देने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद कवित्री नेहा मिश्रा ने मां शारदे की वंदना कर कार्यक्रम को गति प्रदान की।
प्रतापगढ़ से आए कवि हरि बहादुर हर्ष ने राम रावण संवाद सुनाया। इसके बाद कहा-
आंच आन पर यदि आए तो रणभेरी बजवाओ,
खण्ड खण्ड उद्ण्डे शत्रु हो वो पौरूष दिखलाओ।
कटरासआदतगंज से आए कमलकांत तिवारी ने पढ़ा-
विदेशी ताकतों ने देश को जब-जब सताया है,
हमारी अस्मिता को रौंद नालंदा जलाया है,
लिया तब हाथ में हमने बमतुल बुखारा को,
उड़ाकर शीश दुश्मन का राष्ट्र हमने बचाया है।
बहेड़ी से आई कवित्री नेहा मिश्रा ने पढ़ा-
बाँसुरी की मधुर धुन सुहानी बनूं,
लोग दोहराएं ऐसी कहानी बनूं,
श्याम जैसा अगर मीत मिल जाए तो,
मैं भी उसके लिए राधा रानी बनूं।
हाथरस से आए हास्य कवि पदम अलवेला ने पढ़ा-
किस को पता है, किसकी कितनी उम्र पड़ी है,
ये ज़िन्दगी है मौत से बेखौफ खड़ी है।
खीरी लखीमपुर से आए नवल सुधांशु ने पढ़ा-
जब मैं तन्हा सफर में निकला हूं,
तब मैं तन्हा सफर से निकला हूँ।
रीवा मध्यप्रदेश से आए कामता माखन ने अपने हास्य से श्रोताओं को गुदगुदाया, सुनाया-
तुम भारत को भारत रहने दो न इसे एडवांस करो जी,
तुम भारत के संस्कार बचाओ न लुंगी डांस करो जी।
दातागंज से आए कवि कमल किशोर ने पढ़ा-
उदासी यह छोड़ें जरा मुस्कुराएं,
चलो आज से एक दीपक जलाएं।
शाहजहांपुर से आए उर्मिलेश सौमित्र ने सुनाया-
वनवास देते हुए पिता के चरण छुए,
आंखों में शिकायत का जल नहीं होता है,
रामजी के काम बस कर सकते हैं राम,
राम होना इतना सरल नहीं होता है।
सिकंद्राराऊ से आए कवि एवं शायर शिवम आजाद ने सुनाया-
मेरे देश की सरहदों का सिपाही,
उठा शीश दुश्मन से ये कह रहा है।
तुम्हारे वतन में लहू बह रहा है,
हमारे लहू में वतन बह रहा है।।
रायबरेली से आए कवि नीरज पाण्डेय ने संचालन करते हुए कहा-
तू जिसकी मुश्किलें आसान करने में लगा है,
वही बंदा तेर नुकसान करने में लगा है।
मेरे हटते ही जी भर गालियाँ देगा मुझे वो,
अभी जो सामने गुणगान करने में लगा है।।
अंत में पूर्व चेयरमैन गौरव कुमार गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम के समापन की घोषणा की, इस दौरान कमेटी अध्यक्ष सभासद नरेश चंद्र गुप्ता, अटल भारद्वाज, महेश गुप्ता, सचिन गुप्ता, सौरभ भारद्वाज, संदीप गुप्ता, मोहित गुप्ता, इरशाद हुसैन, सुरेन्द्र चक, रामविलास शर्मा आदि मौजूद रहे।

मंच पर काव्यपाठ करते हुए कवि पदम अलवेला : जनमत एक्सप्रेस। 9997667313

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *