नानी के बाद चौथे दिन गंगा से बरामद हुआ धेवती का शव, उसहैत में मां की तलाश में जुटी टीमें

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। गृह कलेश के चलते घर से धेवती और बेटी समेत लापता हुई महिला का शव तीसरे दिन गंगा नदी से बरामद हुआ था। वहीं आज सोमवार को चौथे दिन दो साल की धेवती का भी शव गंगा से बरामद हुआ है। धेवती का शव मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने मां की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, मासूम धेवती का भी शव घटनास्थल से सात किलोमीटर दूर गंगा नदी से बरामद हुआ है। कल यहीं से नानी उर्मिला का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बता दें कि उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नगला शिंभू निवासी वीरेंद्र की बेटी शीला की शादी एटा जनपद के राजा के रामपुर से हुई थी। उसके एक रिया नाम की दो साल की बेटी भी थी। शीला पति से मनमुटाव हो जाने के कारण अपने मायके में रह रही थी। गुरुवार को शीला और उसके पति के बीच फोन पर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद उर्मिला बेटी शीला और धेवती रिया के साथ लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन तीनों का कोई पता नहीं चला।
शुक्रवार को ग्रामीणों को गांव के निकट बह रही गंगा नदी के किनारे चप्पलें और दुपट्टा पड़ा मिला। जिसके बाद आशंका जताई गई कि तीनों ने गंगा नदी में छलांग लगाई है। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने गोताखोर और एसडीआरएफ की मदद से गंगा में तलाश शुरू की। दो दिन लगातार तलाश की गई। तलाश का दायरा बढ़ाते हुए भरकस प्रयास किए गये। रविवार को नगला शिंभू गांव से करीब सात किलोमीटर दूर गांव किन्नर नगला के पास उर्मिला (45 वर्ष) का शव बरामद हुआ था। वहीं आज सोमवार चौथे दिन रिया का भी शव बरामद हुआ है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अब तक उर्मिला और रिया के शव बरामद हो चुके है। अभी शीला की तलाश जारी है। इसके लिए एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें लगाई गईं हैं। वहीं विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मृतक उर्मिला, रिया और शीला का फाइल फोटो : जनमत एक्सप्रेस। 9997667313

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *