बदायूं में तीन ढोंगी साधुओं की पिटाई; महिला को भूत-प्रेत का डर दिखाकर ठग रहे थे जेवर

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले के एक गांव में साधु का भेष बनाकर आए तीन संदिग्ध युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। इससे पहले आक्रोशित भीड़ ने उनकी लात-घूंसों से जमकर पिटाई की।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र के गांव मूजखेड़ा का है। यहां एक गांव में तीन आरोपी भगवा कपड़े पहनकर एक घर में दाखिल हुए। वहां मौजूद महिला को झांसे में लेते हुए उन्होंने कहा कि उसके परिवार पर भारी संकट है और घर में ‘बुरी शक्तियों’ का साया है। महिला को बुरी तरह डराते हुए उन्होंने दावा किया कि यदि वह अपने शरीर पर पहने सोने के जेवर उतारकर उन्हें ‘शुद्धिकरण’ और ‘जाप’ के लिए दे दे, तो यह कष्ट टल जाएगा।महिला जब जेवर उतारने लगी, तो उसे उनकी बातों पर संदेह हुआ और उसने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण इकट्ठा हो गए। जब साधुओं से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो वे सकपकाने लगे और भागने की कोशिश करने लगे। ग्रामीणों ने तीनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। वायरल वीडियो में लोग उन्हें जमीन पर गिराकर पीटते नजर आ रहे हैं। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
स्थानीय पुलिस ने बताया कि पकड़े गए युवक पेशेवर ‘टप्पेबाज’ हो सकते हैं, जो साधु का चोला पहनकर ग्रामीण इलाकों में भोली-भाली महिलाओं को निशाना बनाते हैं। उनके पास से कुछ संदिग्ध पोटलियां और ठगी में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *