बदायूँ जनमत। जिले में खसरे के प्रकोप के चलते ककराला में खसरे के लगभग तीन दर्जन से ज्यादा केस निकलने के बाद कुंभकर्णी नींद से जागे स्वास्थ्य विभाग की बेचैनी बढ़ी हुई है। अपनी नाकामी को छुपाने की कोशिश में नगरवासियों पर ही लापरवाही का ठीकरा फोड़ दिया गया। बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की वजह से कुंद पड़ी टीकाकरण की रफ्तार को धार देने के लिए कस्बे के नगर पालिका बरात घर में सामूहिक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें नगर के सभ्रांत व्यक्तियों, धर्मगुरुओं और व्यापारी वर्ग से टीकाकरण में सहयोग मांगा।
उपजिलाधिकारी एसवी वर्मा ने कहा कि जनता का अपेक्षित सहयोग प्रशासन को प्राप्त नहीं हो रहा है। जिसके कारण टीकाकरण जैसे कार्यक्रमों में समुचित गति नहीं मिल रही है। इस पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आपत्ति कर दी और उनसे पूछ डाला कि आपको जनता और व्यापारी वर्ग का सहयोग कब प्राप्त नहीं हुआ। इस पर एसडीएम वर्मा को बैकफुट पर आना पड़ा। उन्होंने धर्म गुरुओं से भी सहयोग की अपील की। उनके साथ आए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने टीकाकरण को लेकर जनता से सीधा संवाद किया और टीकाकरण से छूटे बच्चों को प्रतिरक्षित करने में सहयोग की अपील की।
बैठक में सभी वार्डो के सभासद जावेद खान, नजमुल अंसारी, नदीम खान, शहरयार खान, अकबर अहमद डंपी, जैनुल आबिदीन, छोटे अंसारी, असलम, अल्ली खान, रफीउद्दीन आदि मौजूद रहे। हाफिज आमिल खान, रफी अहमद खान, खुशनूर खान, अजीम खान, मुस्लिम खान, वाहिद राजपूत, राशिद खान, अनीस खान, नीशू गुप्ता, चंद्रपाल पाठक, भारत, संजय, रामदास शर्मा, राजेंद्र गुप्ता उर्फ सुक्कू भैया आदि मौजूद रहे।
व्यापारमंडल ने जनसमस्याओं को लेकर सौपा ज्ञापन
बैठक में नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष खालिद महमूद ने जनसमस्याओं को लेकर आठ सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी को दिया।उन्होंने कहा कि ककराला 2004 से फलपट्टी घोषित है लेकिन पिछले सालो में बागबानी चौपट हो गई जिससे करोड़ों रुपए राजस्व का नुकसान हो गया और सैकड़ों लोग बेरोजगार हो गए। इसके साथ ही उन्होंने नगर की सीएचसी की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने स्टाफ की कमी से लेकर इसके संचालन तक की कमियों को अधिकारियों के सामने रखा। इसके अलावा पशुचिकित्सालय, बैंक, रात्रि गस्त की समस्याओं को भी रखा। उनके साथ जिला संगठन मंत्री सुमित अग्रवाल, जिला सह संगठन मंत्री जैनुल आबिदीन, संरक्षक हाजी मुसफ्फे राना, हामिद अली खान राजपूत, सलमान खान, अनीस खान, नरेश गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, तस्लीम ख़ान आदि मौजूद रहे।
सभा में गूंजा खराब सड़को और भ्रष्टाचार का मुद्दा
बैठक में हाजी मुसफ्फे राना ने बदायूं ककराला मार्ग की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नगर को जोड़ने वाली सड़के खराब हैं। इनको तत्काल सही कराया जाना चाहिए। आए दिन इन सड़को पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जिससे कई लोग अब तक अपनी जान गवां चुके हैं।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर प्रदीप वाष्णे, एसडीएम सदर एसवी वर्मा, डीआईओ डॉ. असलम, एसएमओ डॉ. पलवीन कौर, डीएमसी डॉ. संदीप सक्सेना, एमओआईसी डॉ. सुशान बनर्जी, अधिशासी अधिकारी रामसिंह, एमओआईसी म्याऊं, टीकाकरण प्रभारी जेबा खान, सीओ दातागंज करणवीर सिंह, एसओ अलापुर हरपाल बालियान, चौकी प्रभारी रामपाल सिंह तोमर, डॉट्स प्रोवाइडर शाहनवाज खान, जीशान खान, संचालन ब्रजेश राठौर ने किया। – रिपोर्ट : हामिद अली खां राजपूत


