बदायूँ जनमत। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात अराजकतत्वों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। शनिवार सुबह इसकी जानकारी पर आसपास के लोगों में रोष फैल गया। पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू कर दी है।
शहर के दातागंज मार्ग पर स्थित गांव मझिया में डॉ. आंबेडकर की पार्क में प्रतिमा लगी है। गांव के लोग सुबह को उठे तो देखा कि प्रतिमा खंडित है। जिसकी जानकारी आग की तरह गांव में फैल गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जवाहरपुरी पुलिस चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर मामले की जानकारी पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए हैं। ग्राम प्रधान सहित ग्रामीण अड़ गए हैं कि इस मामले में प्रभावी कार्रवाई की जाए, क्योंकि पहले भी कई बार घटनाएं हो चुकी हैं। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
