बदायूँ जनमत। शहर के चारों ओर खेतिहर इलाका व बागवानी को उजाड़कर अवैध कॉलोनियां बसाई जा रही हैं। यहां प्लाटिंग का कारोबार चल रहा है। बिल्डर्स व प्रापर्टी डीलर कालोनियों को बसाने में लगे हैं। इनमें से अवैध कालोनियों पर प्रशासन ने बुधवार को बुलडोजर चलवा दिया। इस दौरान बिना नक्शा पास हुए निर्माण को ढहा दिया गया।
बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार और सीओ सिटी आलोक मिश्रा ने पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ शहर से सटे गांव नगला शर्की इलाके में बुलडोजर चलवा दिया। टीम ने नगला शर्की और मझिया गांव के बीच और आवास विकास मार्ग पर अवैध कालोनियों पर कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि यह कालोनियां और प्लाटिंग किसानों की कृषि भूमि व बागवानी वाली भूमि पर की जा रही है। खेतों को खरीदकर उन्हें गज के हिसाब से बेचा जा रहा है। जबकि श्रेणी भी नहीं बदली जा रही। सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार का कहना है कि भूमि की बिना श्रेणी बदले और बिना नक्शा पास कराए ऐसे ही प्लाटिंग की जा रही थी। टीम को भेजकर सभी अवैध कालोनियां और प्लाटिंग को जेसीबी से हटवा दिया है। अभियान जारी रहेगा।
