बदायूँ जनमत। अनियंत्रित कार गन्ने की ट्राली में जा घुसी जिससे गर्भस्थ शिशु समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्थानीय लोग और पुलिस ने कार के दरवाजों को काटकर शवों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के अंधेरिया मोड़ महरोली निवासी शाकिर पुत्र शौकत (33) वजीरगंज के गांव हतरा स्थित ससुराल से अपनी पत्नी रोजी, डेढ़ साल का मासूम आहत, साले मोईन पुत्र याकूब निवासी हतरा के साथ सुबह चार बजे दिल्ली को रवाना हुआ था। शाकिर कार खुद चला रहा था। बिसौली क्षेत्र नजदीकी चंदौसी हाइवे पर गांव मदनजुड़ी के समीप अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े गन्ने की ट्राली से जा भिड़ी। हादसे में शाकिर, उसकी गर्भवती पत्नी रोजी व डेढ़ साल के मासूम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मोईन की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची बिसौली कोतवाली पुलिस ने कार के दरवाजे काट काटकर बमुश्किल शवों को बाहर निकाला। एम्बुलेंस मंगाकर घायल को सीएचसी भर्ती कराया। जहाँ से उसे बदायूं रैफर कर दिया गया। वहीं शवों को भी सीएचसी लाया गया। इसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने ट्रेक्टर ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया है। उधर हादसे की खबर हतरा गांव आने पर हाहाकार मच उठा, हर कोई घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा।



