बदायूॅं जनमत। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर आज बृहस्पतिवार (जुमेरात) को देश भर में जुलूस निकाला गया। इसकी क्रम में बदायूं शहर समेत जिले के सभी कस्बों में भी जुलूस निकाल कर खुशी का इज़हार किया गया। बदायूं शहर में सुबह जामा मस्जिद शम्सी से जिला काजी मौलाना अतीफ मियां कादरी की सदारत में जुलूस निकाला गया। पुलिस बल की मौजूदगी में निर्धारित मार्गों से जुलूस निकाला गया। वहीं मुसलमानों ने अपने घरों को सजाया और परचम लगाया, लंगरदारी और फात्हांख्वानी का सिलसिला भी चलता रहा। सलातो सलाम के साथ जुलूस का समापन हुआ।
उधर कस्बा सैदपुर में ईदगाह के पेश इमाम मुफ्ती सैयद वाकिफ अली साहब की सदारत में ईदगाह से जुलूस का आग़ाज़ हुआ। निर्धारित मार्गों से होता हुआ जुलूस मोहल्ला कुरैशियान में जाकर सम्पन्न हुआ। इस मौके पर उलेमाओं ने हुज़ूर की शान में तकरीर पेश की। वहीं लोगों ने जगह जगह लंगरदारी की और हुज़ूर की शान में नात व सलातो सलाम पढ़ा।
वहीं कस्बा बिसौली, सहसवान, दातागंज, उसहैत में जामा मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी का आग़ाज़ हुआ। पुलिस बल की मौजूदगी में निर्धारित मार्गों से होता हुआ जुलूस वापस जामा मस्जिद आकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान जगह जगह तकरीर और नातों का सिलसिला चलता रहा। हजारों की संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए और सरकार की आमद मरहबा की सदाएं बुलंद होती रहीं। अपने प्यारे आका मोहम्मद मुस्तफा सल्ल• की आमद की खुशी में लोगों ने घरों को सजाया। सभी मस्जिदों में महफिले मिलाद का आयोजन हुआ। मुसलमानों ने अपने घरों में फात्हांख्वानी कराई। सलातो सलाम के बाद जुलूस का समापन हुआ। इस दौरान सभी मस्जिदों के इमाम मौजूद रहे। 


