बदायूॅं जनमत। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के तत्वाधान में अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मण्डल बदायूं के कार्यालय पर पूर्व नोटिस के तहत आज दूसरे दिन भी संविदा कर्मचारियों ने एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। पावर कॉरपोरेशन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की सात तारीख तक संविदा कर्मचारियों को वेतन का भुगतान, संविदा कर्मचारियों को सुरक्षा किट उपलब्ध कराना, कार्य के दौरान दुर्घटना में घायल संविदा कर्मचारियों के इलाज की धनराशि, मृतक आश्रितों को कार्य पर रखने जैसी तमाम समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया।
धरने में संबोधित करते हुए मध्यांचल संगठन मंत्री राकेश कुमार सागर ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो रोड़ से लेकर कोर्ट तक की लड़ाई लड़ेगा। संघ जिला उपाध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा कि कार्यदाई संस्था बेसिल के द्वारा पावर कॉरपोरेशन के आदेश को दरकिनार कर माह के अंत में ही वेतन दिया जाता है। जिससे कर्मचारियों को पारिवारिक भरण पोषण में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। विभागीय अधिकारी भी कोई संज्ञान नहीं ले रहें हैं। जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार यादव ने कहा कि कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण नहीं दिया जा रहे हैं। जिससे कर्मचारियों की आए दिन मौत हो रही है। यह श्रम कानून का खुला उल्लंघन है, जिसकी जांच होनी चाहिए। जिलाध्यक्ष ठाकुर धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कार्यदाई संस्था तथा विभागीय अधिकारियों के साथ हुए समझौते का पालन आज तक नहीं किया गया है। जिससे मजबूर हो कर संगठन को यह कदम उठाना पड़ा है। अगर संविदा कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान समय रहते नहीं किया जाता है तो अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मण्डल बदायूं के कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इससे भी बात नहीं बनी तो संविदा कर्मचारी कार्य छोड़कर हड़ताल भी करेंगे।कार्यक्रम को क्रालोस के साथी डॉ सतीश ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारा संगठन आपकी मांगों का समर्थन करता है।
धरने में उपस्थित संविदा कर्मचारियों को प्रमोद शर्मा, तारउददीन ने भी संबोधित किया। वहीं धरने में टीटू पटेल, अवध पटेल, पवन पटेल, अक्षय रस्तोगी, अनिल कुमार पाल, सतपाल शर्मा, विवेक शर्मा, मुकेश कुमार आदि संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।
