बदायूॅं जनमत। पुलिस ने कछुआ तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से नौ कछुआ भी बरामद हुए हैं। साथ ही उनकी बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया है। रेंजर अमित सोलंकी ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने शनिवार को दोनों तस्करों को जेल भेज दिया। आरोपियों की बाइक सीज कर दी गई है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव कालाकूड़ा में शुक्रवार को दो तस्कर एक तालाब में कछुआ पकड़ रहे थे। उन्हें देखकर प्रत्यक्षदर्शियों ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दे दी, जिससे कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों तस्करों को पकड़ लिया। आरोपियों से नौ कछुआ बरामद हुए हैं। बताते हैं कि दोनों तस्कर बाइक लेकर तालाब पर पहुंचे थे। उन्होंने बाइक तालाब किनारे खड़ी कर दी थी और कछुओं को पकड़़ना शुरू कर दिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम ग्राम कालाकूड़ा निवासी श्यामवीर उर्फ नन्हे और मूसाझाग निवासी अरविंद बताए। पुलिस उन्हें, उनकी बाइक और कछुओं को थाने ले आई। इसकी सूचना पर वनरक्षक धर्मेंद्र कुमार और उनके हमराह प्रेमपाल भी थाने पहुंच गए। उन्होंने मामले की छानबीन करते हुए दोनों तस्करों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। उनकी बाइक सीज कर दी।
थाना पुलिस ने शनिवार को दोनों तस्करों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। रेंजर अमित सोलंकी ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को पकड़ा था। उनके पास से नौ कछुआ बरामद हुए थे। दोनों तस्करों को जेल भेज दिया गया है। बरामद कछुओं को तालाब में छुड़वाया जाएगा। 




