बदायूं-मेरठ हाईवे पर हादसा: तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से ससुर-दामाद की मौत, चालक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बदायूं-मेरठ हाईवे पर ग्राम उस्मानपुर के नजदीक शुक्रवार शाम तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर ससुर-दामाद की मौत हो गई। दोनों ससुर-दामाद बाइक पर सहसवान से बबराला जा रहे थे। उनकी बाइक उस्मानपुर गांव के नजदीक पहुंची थी। तभी हादसा हो गया।
शुक्रवार शाम करीब सात बजे कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव निजामाबाद निवासी विवेक शर्मा (28) पुत्र नरेश शर्मा और उनके ससुर सहसवान कोतवाली क्षेत्र के नयागंज मोहल्ला निवासी संजय शर्मा (45) बाइक पर सवार होकर बबराला जा रहे थे। विवेक बाइक चला रहे थे लेकिन कोई हेलमेट नहीं लगाए था। परिवार वालों के मुताबिक, विवेक शुक्रवार सुबह ही अपनी ससुराल नयागंज मोहल्ला आए थे। यहां से उन्हें बबराला एक रिश्तेदार के घर जाना था। वह बाइक लेकर उस्मानपुर गांव के नजदीक पहुंचे थे। तभी अचानक पीछे से तेज रफ्तार में आई डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों ससुर-दामाद सड़क पर जा गिरे और डीसीएम के नीचे आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे को देखकर उस्मानपुर गांव के कई लोग आ गए। उन्होंने डीसीएम को आगे से घेर लिया। उसके चालक को भी पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना पर तुरंत थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस उन्हें सहसवान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उसकी डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। देर शाम दोनों शव मोर्चरी भेज दिए गए। वहीं उनके परिवार वाले आ गए।       

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *