बदायूॅं जनमत। कादरचौक क्षेत्र में एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि अन्य कई सवारियां घायल हो गईं।
हादसा कादरचौक के निजामपुर गांव के पास शनिवार देर शाम को हुआ। शाम को एक ऑटो रिक्शा शहर से सवारियां लेकर कादरचौक के लिए चला था। करीब साढ़े सात बजे जब ऑटो रिक्शा निजामपुर गांव के पास पहुंचा तो चालक अपना नियंत्रण खो बैठा जिससे ऑटो रिक्शा एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि ऑटो का अगला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त होकर पलट गया। इसमें गांव रैसीनगला निवासी 60 वर्षीय अनेकपाल, ततारपुर निवासी कमलेश, अच्छन शाह, पूनम, संतोषी आदि सवारियां ऑटो रिक्शा के नीचे दबकर घायल हो गईं। हादसे के बाद ऑटो रिक्शा चालक मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा लेकिन गंभीर रूप से घायल अनेकपाल ने हायर सेंटर पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार अनेकपाल गांव के ही एक मंदिर में पुजारी था। 

